आंगनबाड़ी वर्कर्स की मानदेय कटौती पर लगी रोक, जन संघर्ष मोर्चा की पहल लाई रंग,
विकासनगर: उत्तराखंड में आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। शासन द्वारा उनके 10 दिन के मानदेय में की जा रही कटौती के फैसले को वापस ले लिया गया है। अब इस अवधि का समायोजन भविष्य के विशेष अवकाशों से किया जाएगा।
यह सफलता जन संघर्ष मोर्चा की पहल के बाद मिली है। मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंसी राणा से मुलाकात कर शासन के पुराने आश्वासन का हवाला दिया। वार्ता के बाद विभाग ने मानदेय कटौती का फरमान वापस ले लिया।
इस बीच, मोर्चा अध्यक्ष नेगी ने विभागीय मंत्री रेखा आर्य पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मंत्री का वर्कर्स की पीड़ा को नजरअंदाज करना संवेदनहीनता दर्शाता है। आखिर मंत्री को इन वर्कर्स का दुख क्यों नहीं दिखता? उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री लोकहित के बजाय केवल अपने आर्थिक संसाधन मजबूत करने में लगी हैं।
