हौसले को मिला ममता का आशीर्वाद, अनशन पर बैठे अमित कुमार से मिलने पहुंचीं उसकी मां,
देहरादून : देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री अमित कुमार इन दिनों सफाई कर्मचारियों के हक और मान-सम्मान की लड़ाई लड़ते हुए आमरण अनशन पर बैठे हैं। इसी संघर्ष के बीच आंदोलन स्थल पर एक बेहद भावुक और प्रेरणादायक पल देखने को मिला। इस दृश्य ने वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर दीं और आंदोलनकारियों में नया जोश भर दिया।
आपको बताते चलें कि पिछले दो दिनों से अनशन पर बैठे अमित कुमार का हौसला बढ़ाने के लिए स्वयं उनकी पूजनीय माता जी धरना स्थल पर पहुंचीं। अपनी आंखों के तारे को जनहित और कर्मचारियों की लड़ाई में डटा देख मां का दिल भर आया। उन्होंने अमित के सिर पर हाथ रखकर न सिर्फ अपना भरपूर आशीर्वाद दिया, बल्कि उनका हौसला बढ़ाते हुए गर्व से कहा, “बेटा, तू धर्म और हक की लड़ाई लड़ रहा है। तेरा यह संघर्ष खाली नहीं जाएगा। मुझे पूरा विश्वास है कि तेरी जीत पक्की है।”
एक मां के इन शब्दों ने अमित कुमार के संकल्प को और अधिक अडिग कर दिया है। जहां एक तरफ अमित पूरी मजबूती के साथ अपनी मांगों पर डटे हुए हैं, वहीं मां के इस भरोसे और आशीर्वाद ने यह साबित कर दिया है कि जिस संघर्ष को परिवार का ऐसा साथ मिले, उसकी विजय निश्चित है। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के तमाम पदाधिकारियों और सदस्यों ने माता जी के आगमन पर उनका आभार व्यक्त किया और यह संकल्प लिया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, यह लड़ाई जारी रहेगी।
