कनखल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 हत्याओं के आरोपी हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को किया गिरफ्तार,
प्रदेश की गाथा ब्यूरो :
हरिद्वार (26 अक्टूबर 2026): एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कनखल थाना पुलिस ने क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर, अवैध वसूली और छेड़खानी समेत कुल 22 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
रविदास बस्ती निवासी देवनन्द मण्डल व आनन्द कुमार की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी स्थानीय सब्जी, दूध, राशन विक्रेताओं और ई-रिक्शा चालकों से चाकू दिखाकर अवैध वसूली करता था और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी तीन हत्याओं में नामजद होने की धौंस जमाकर इलाके में दहशत फैला रहा था। पुलिस के अनुसार, आदतों से मजबूर यह अपराधी हर महीने कम से कम तीन बार शांतिभंग में जेल जाता था, लेकिन जमानत पर छूटते ही दोबारा वारदातों को अंजाम देने लगता था। पुलिस ने आरोपी को उसके घर पर दबिश देकर हिरासत में लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
