हरिद्वार भाजपा जिला कार्यालय में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित; प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित शीर्ष नेतृत्व ने किया मार्गदर्शन,
हरिद्वार : भाजपा जिला कार्यालय, हरिद्वार में “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर एक विशेष संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं और जिले के शीर्ष पदाधिकारियों को पार्टी के वरिष्ठ प्रांतीय नेतृत्व का अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार एवं प्रदेश मंत्री एडवोकेट आदित्य चौहान ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट ने कहा कि “एक राष्ट्र, एक चुनाव” भारत के सशक्त लोकतंत्र की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और युगांतकारी कदम है। इससे न केवल बार-बार होने वाले चुनावों के भारी-भरकम खर्चों पर रोक लगेगी, बल्कि देश में विकास कार्यों को भी निरंतर गति मिलेगी।इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में क्षेत्रीय राजनीतिक नेतृत्व की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, श्री सुनील सैनी और विधायक श्री आदेश चौहान ने भी विषय की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम की व्यवस्था और सांगठनिक संचालन में जिला अध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा, जिला महामंत्री श्री संजीव चौधरी एवं श्री हीरा बिष्ट ने मुख्य भूमिका निभाई। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और उपस्थित देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा को राष्ट्रहित में सर्वोपरि मानते हुए, इसके प्रति जन-जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
