शहीद दिवस: हरिद्वार पुलिस ने दी अमर शहीदों को नमन कर दी भावभीनी शोक सलामी,
हरिद्वार: पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर आज शहीद दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक मंच पर एकत्रित होकर शहीदों को पुष्प चक्र एवं फूल भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान विगत एक वर्ष में देश सेवा में शहीद हुए जवानों का आदरपूर्वक नामोच्चारण किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह और अन्य पुलिस अफसरों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर सामाजिक शांति एवं राष्ट्रीय एकता के लिए दिए गए बलिदान को याद किया। सेरिमोनियल गार्द द्वारा अमर शहीदों के सम्मान में शोक सलामी दी गई और सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनके शौर्य को नमन किया।
एसएसपी हरिद्वार ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा, एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दिलाता है। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति और कर्तव्यपरायणता के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
