डिजिटल प्रक्रिया और सटीक आंकड़ों पर जोर: हरिद्वार में जनगणना-2027 का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न,
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा ) 14 अक्टूबर को आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए हरिद्वार के विकास भवन सभागार में 12 से 14 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ये प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अब जमीनी स्तर पर काम करने वाले प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) को ट्रेनिंग देंगे। राज्य में जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य नवंबर 2026 से शुरू होना प्रस्तावित है।
इस बार देश की जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। फील्ड स्टाफ मोबाइल फोन के जरिए मौके पर ही आंकड़े एकत्र करेगा, जबकि पूरी प्रक्रिया की रियल-टाइम निगरानी के लिए CMMS पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की भविष्य की नीतियों, विकास योजनाओं और बजट निर्धारण का मुख्य आधार होती है। इसलिए इस कार्य में आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्धता और गोपनीयता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र ने निदेशक को आश्वस्त किया कि जिले में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर इस राष्ट्रीय कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी मो. मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी व जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह, मीना नेगी, अमीर आलम, नीरज कुमार, शिवम कुमार सहित देहरादून निदेशालय के कई प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
