हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 18 नमूने फेल होने पर खाद्य सामग्री नष्ट,
हरिद्वार : 15 अक्टूबर 2026: त्योहारी सीजन और चारधाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर होटलों, ढाबों और दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान कुटू आटा, दूध और ड्राई फ्रूट्स के 06 विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, सचल प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर 83 खाद्य पदार्थों की जांच की गई, जिसमें से दूध, मिठाई और मसालों के 18 नमूने अधोमानक (खराब) पाए जाने पर सामग्री को तुरंत नष्ट कराया गया।
निरंजनी अखाड़ा रोड स्थित ‘होटल गंगा किनारे’ का किचन बिना लाइसेंस और अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित मिलने पर 10 लाख रुपये तक के जुर्माने की चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, पनीर और अन्य मानकों के उल्लंघन पर विभाग ने न्यायालय में कुल 04 वाद दायर किए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि यह शुद्धता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
