वन्यजीव संरक्षण के लिए बच्चों संग वनकर्मियों ने भरी हुंकार,
पीली पड़ाव में जागरूकता रैली निकालकर दिया पर्यावरण और जैव विविधता बचाने का संदेश,
श्यामपुर/लालढांग (प्रदेश की गाथा) राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह के तहत श्यामपुर रेंज वन विभाग की ओर से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीली पड़ाव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों और वनकर्मियों ने संयुक्त रूप से एक भव्य रैली निकाली। रैली के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों और समाज को वन्यजीवों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।
रैली के समापन पर विद्यालय परिसर में एक ज्ञानवर्धक गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी को संबोधित करते हुए वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) श्यामपुर विवेक जोशी ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति के संतुलन के लिए बेहद जरूरी हैं। इनके संरक्षण में वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय जनता और विशेषकर बच्चों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
गोष्ठी में वनकर्मियों ने छात्र-छात्राओं को जैव विविधता के महत्व और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक वन्यजीवों के रहन-सहन से जुड़े कई तार्किक सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया।
इस अवसर पर वन दरोगा राकेश कुमार, वन आरक्षी एहसान अली, मनोज और मोनू सहित विद्यालय का स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
