रूड़की में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, ब्लाक नारसन में 35 हजार की रिश्वत लेते पीआरडी अधिकारी रंगेहाथ गिरफ्तार ।
रुड़की : उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के नारसन ब्लॉक परिसर में मंगलवार को सतर्कता विभाग (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के ब्लॉक अधिकारी कुलदीप कुमार को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों दबोच लिया। इस औचक कार्रवाई से पूरे ब्लॉक परिसर में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई।
यह कार्रवाई ग्राम मुंडियाकी निवासी जोगिंदर की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता का आरोप था कि युवक मंगल दल को मिलने वाली सरकारी अनुदान राशि (सहयोग राशि) की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में अधिकारी कुलदीप द्वारा 35 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। विजिलेंस ने पहले इस शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया और आरोपों की पुष्टि होते ही जाल बिछाया। मंगलवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को केमिकल लगे नोट दिए, टीम ने उसे दबोच लिया। विजिलेंस की टीम पकड़े गए भ्रष्ट अधिकारी को आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ के लिए अपने साथ देहरादून ले गई है।
