नैनीताल में सीएसआर समिति की बैठक: जनहित और सतत विकास कार्यों को गति देने पर जोर,
नैनीताल : जनपद नैनीताल में जनहित एवं सतत विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जनपद स्तरीय कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में वर्तमान में संचालित सीएसआर गतिविधियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों को जनकल्याण से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र समिति को उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपनी-अपनी प्राथमिकताओं के आधार पर विकास कार्यों का चयन करें। साथ ही, इन कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द से जल्द तैयार कर जिला प्रशासन को प्रस्तुत करें। इस कदम का मुख्य उद्देश्य सीएसआर निधि का पारदर्शी, सुनियोजित और जनहित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है।
बैठक में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने घोषणा की कि सीएसआर के अंतर्गत सोलर लाइट स्थापना को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट लगने से स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे न केवल बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि जनपद के समग्र विकास को भी एक नई और सकारात्मक गति प्राप्त होगी।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जनोपयोगी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए।
