कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर : सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए बहादराबाद पुलिस ने एसपीओ के साथ की बैठक,
हरिद्वार: आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद परिसर में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर और प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद की अध्यक्षता में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने पुलिस और जनता के बीच मजबूत समन्वय पर जोर दिया। सभी एसपीओ को निर्देश दिए गए कि वे स्थानीय पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करें, ताकि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्हें कांवड़ मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में मौजूद सभी एसपीओ ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से गुजरने वाले शिवभक्त कांवड़ियों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे।
