कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर बहादराबाद पुलिस ने होटल और ढाबा संचालकों के साथ की बैठक, दिए जरूरी निर्देश,
हरिद्वार : बहादराबाद 12 जुलाई 2026 को आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बहादराबाद पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कोतवाली बहादराबाद के प्रभारी निरीक्षक श्री अमरजीत सिंह के नेतृत्व में चौकी शान्तरशाह परिसर में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में क्षेत्र के होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों ने भाग लिया।
गोष्ठी के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले शिव भक्तों (श्रद्धालुओं) को पूरी तरह स्वच्छ, शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाला वैष्णव भोजन ही परोसा जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की शुद्धता और प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं से किसी भी वस्तु की अधिक कीमत न वसूलने और निर्धारित दरों पर ही भोजन व सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता न हो।
पुलिस प्रशासन ने सभी व्यवसायियों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग करने और कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में मौजूद सभी होटल व ढाबा संचालकों ने पुलिस को पूरा सहयोग देने और कांवड़ियों को बेहतर सुविधाएं व सम्मान देने का भरोसा दिलाया।
