हजारा ग्रंट की बदहाल सड़कों को लेकर ग्रामीणों ने कच्ची राह पर धान रोपकर किया विधायक का विरोध,
हजारा ग्रंट : विकास के दावों के बीच ज्वालापुर विधानसभा के हजारा ग्रंट क्षेत्र की बदहाल सड़कों की तस्वीर बदलने का नाम नहीं ले रही है। क्षेत्र के मुख्य और संपर्क मार्ग लंबे समय से कीचड़ और गहरे गड्ढों में तब्दील हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की इस घोर अनदेखी से तंग आकर आखिरकार ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए जलभराव से युक्त कच्ची सड़क के बीचों-बीच धान की रोपाई कर दी। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि नेता केवल चुनाव के समय ही झूठे वादे करने आते हैं।
गूंजते हुए नारों के बीच ग्रामीणों ने “सड़क नहीं, तो वोट नहीं” के पोस्टर लहराए और आगामी चुनावों के पूर्ण बहिष्कार का खुला एलान किया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पक्की सड़क का निर्माण शुरू नहीं होगा, तब तक किसी भी नेता को गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा।
