कनखल में जागरूक नागरिकों की सूझबूझ से टली बड़ी चोरी, छत से कूदकर भाग रहा एक आरोपी गिरफ्तार,
हरिद्वार (कनखल): कोतवाली कनखल क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जियापोता में स्थानीय लोगों और दुकान स्वामी की सतर्कता के चलते एक बड़ी चोरी की वारदात होने से बच गई।
आपको बतातें चले कि हार्डवेयर की दुकान की छत और शटर तोड़कर चोरी करने की फिराक में आए दो बदमाशों में से एक को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और सीढ़ियां बरामद कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कैसे नाकाम हुई चोरी की साजिश: मिली जानकारी के अनुसार, मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी की ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान है। शनिवार (28 नवंबर) तड़के सुबह पड़ोसियों ने दुकान की छत पर दो संदिग्ध युवकों को सब्बल और आरी के साथ देखा, जो दुकान की छत या शटर को काटकर अंदर घुसने की तैयारी कर रहे थे। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना दुकान स्वामी विराज सैनी को दी।
सूचना मिलते ही विराज सैनी अपने साथियों के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे और बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। खुद को घिरा देख दोनों आरोपियों ने भागने के लिए दुकान की छत से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से कूदने के कारण एक आरोपी घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों और दुकान स्वामी ने मौके पर ही पकड़ लिया। हालांकि, दूसरा आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में कामयाब रहा।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी: घटना की सूचना मिलते ही जगजीतपुर पुलिस चौकी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अवस्था में पकड़े गए आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मवीर पुत्र स्वर्गीय जयपाल, निवासी टोडा कल्याणपुर (थाना कोतवाली रुड़की, हरिद्वार) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक दुकोनी सब्बल, एक सरिया काटने की आरी और दो सीढ़ियां बरामद की हैं।
मुकदमा दर्ज, फरार आरोपी की तलाश जारी: दुकान स्वामी विराज सैनी की तहरीर के आधार पर कोतवाली कनखल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 459/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 62 में मामला पंजीकृत किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं फरार हुए दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
