आगामी चुनाव और अपराध नियंत्रण पर हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह के कड़े तेवर, नशा तस्करों की संपत्ति कुर्क करने के दिए निर्देश,
हरिद्वार। पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सैनिक सम्मेलन के समापन के पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। इस बैठक में माह अक्टूबर के दौरान जनपद में घटित अपराधों, उनके खुलासे और कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी देहात अभय कुमार सिंह, एसपी सिटी दीपक कुमार सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ) और कोतवाली व थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, लंबित विवेचनाओं और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम पर चर्चा करते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वाले अराजक तत्वों पर कानून का कठोर प्रहार किया जाएगा। उन्होंने वांछित और ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस की प्रगति की सराहना की, लेकिन साथ ही लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
अपराध गोष्ठी में एसएसपी द्वारा दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश:
• चुनाव तैयारियां और निरोधात्मक कार्रवाई: आगामी चुनाव के मद्देनजर तैयारियों को समय से पूरा करने और सीआरपीसी की धारा 107/116 व 151 के तहत निरोधात्मक (प्रिवेंटिव) कार्रवाई कर अराजक तत्वों पर समय रहते लगाम लगाने के निर्देश दिए गए।
• लाइसेंसी व अवैध हथियारों पर नजर: चुनाव से पूर्व शत-प्रतिशत लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के साथ ही अवैध हथियारों के इस्तेमाल और उनकी सप्लाई चेन को ध्वस्त करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
• नशा तस्करों की संपत्ति होगी अटैच: एसएसपी ने थानेदारों को सख्त हिदायत दी कि नशा तस्करी पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के साथ-साथ तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को अटैच (कुर्क) करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
• ‘पिल्ला गैंग’ और हुड़दंगियों पर लगाम: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर या अन्य नशा कर माहौल बिगाड़ने वाले तथा ‘पिल्ला गैंग’ के सदस्यों को कानून का पाठ पढ़ाकर सख्ती से नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए।
• सोशल मीडिया की निगरानी: चुनाव के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों से सख्ती से निपटने को कहा गया।
• बड़े मामलों का शीघ्र खुलासा: हत्या सहित अन्य गंभीर और अनसुलझे मामलों के जल्द खुलासे के लिए एसपी सिटी और एसपी देहात को संबंधित टीमों का स्वयं पर्यवेक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
• महिला एवं बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस: बच्चों और महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त न करने की बात कही गई। ऐसे मामलों में दिवसाधिकारी या रात्रि अधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लेने और आवश्यकता पड़ने पर थाना प्रभारी को स्वयं निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
• लंबित विवेचनाएं और सीएम पोर्टल: सभी विवेचकों को निर्धारित समयावधि में विवेचनाएं पूरी करने और सीओ को इनकी साप्ताहिक समीक्षा करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, सीएम पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की हर माह के अंतिम सप्ताह में समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
• सत्यापन अभियान में तेजी: बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि आपराधिक तत्वों में कानून का भय बना रहे और चुनाव के दौरान माहौल खराब करने की कोई भी साजिश सफल न हो सके।
अंत में एसएसपी ने मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियानों में हरिद्वार पुलिस के अच्छे प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए सभी अधिकारियों से आगामी चुनौतियों के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा की।
