अर्द्धवार्षिक कुंभ-2027 की तैयारी: धनुष पुल से बैरागी कैंप तक हो रहा आस्थापथ का विस्तार, मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण,
हरिद्वार। आगामी अर्द्धवार्षिक कुंभ मेला-2027 के भव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए हरिद्वार में अवस्थापना सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन के लिए आस्थापथ को सजाने-संवारने के साथ ही इसे धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित किया जा रहा है। इस मार्ग के बनने से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी तक पहुंचने का एक बेहतर वैकल्पिक रास्ता मिलेगा, जो आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षित निकासी के लिए भी बेहद कारगर साबित होगा।
बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। परियोजना के तहत धनुष पुल से आस्था पुल को जोड़ते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग निर्माण अंतिम चरण में है। इसके आगे पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में लगभग 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। मेलाधिकारी ने दिन-रात काम कर इसे कुंभ से पहले सुसज्जित करने को कहा।
इसके अलावा, मेलाधिकारी ने धनुष पुल से सीसीआर के मध्य नवनिर्मित घाट का भी जायजा लिया और वहां सुरक्षा, जनसुविधाओं व प्रकाश व्यवस्था को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में एडमिन रोड के निर्माण की समीक्षा करते हुए क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने की हिदायत दी। उल्लेखनीय है कि धनुष पुल से चंडी चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की परियोजना के तहत यूपीडीसीसी द्वारा और आगे बैरागी कैंप तक का कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल और अभियंता भारत भूषण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
