त्योहारों को लेकर श्यामपुर पुलिस अलर्ट: कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बाजारों में की पैदल गश्त,
हरिद्वार /शयामपुर : आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार की थाना श्यामपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर गहन पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) की गई।
गश्त के दौरान पुलिस ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। त्योहारों की खरीदारी के दौरान होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने नागरिकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। आमजन से अपील की गई है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल फोन, पर्स और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।
इसके साथ ही, पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग भी की। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस कर्मियों को लगातार प्रभावी निगरानी और मुस्तैदी बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था कायम रहे।
