हरिद्वार में सनातन संस्कृति का शंखनाद: जूना अखाड़े की पौराणिक पवित्र छड़ी यात्रा रवाना!
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा) धर्मनगरी हरिद्वार के ऐतिहासिक सिद्धपीठ मायादेवी मंदिर से सनातन हिंदू वैदिक संस्कृति के संरक्षण और लोक कल्याण के संकल्प के साथ श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े की पौराणिक पवित्र छड़ी यात्रा का भव्य शुभारंभ हो गया है।
यह पावन अनुष्ठान जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री एवं जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज के दिव्य सानिध्य में संपन्न हुआ।
वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच संतों ने पारंपरिक विधि-विधान से पवित्र छड़ी का पूजन कर इसे रवाना किया।
इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण धार्मिक अवसर पर हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मेलाधिकारी सोनिका विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने संतों से आशीर्वाद प्राप्त किया। सांस्कृतिक पुनरुत्थान को समर्पित यह प्राचीन यात्रा क्षेत्र में सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करेगी।
