पथरी पुलिस ने पशु चोरी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, भैंस बरामद
हरिद्वार (प्रदेश की गाथा) जनपद के थाना पथरी क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने पशु चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई एक काले रंग की भैंस को सकुशल बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रानीमाजरा निवासी एक महिला ने थाने में अपनी भैंस चोरी होने की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी व मैनुअल पुलिसिंग का उपयोग करते हुए झाबरी मार्ग के पास से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर ग्राम झाबरी से चोरी की गई भैंस बरामद की गई। वादिनी द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद भैंस पीड़ित परिवार को सौंप दी गई है। आरोपी ने कबूला कि वह अपने गिरोह के साथ मिलकर पशु चोरी करता था। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। भैंस मिलने पर पीड़ित परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया है।
