कांवड़ मेला 2026: सुरक्षा और व्यवस्था के लिए हरिद्वार 18 सुपर जोन और 141 सेक्टरों में बंटा, मजिस्ट्रेट तैनात
हरिद्वार : 25 जुलाई 2026 को श्रावण कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित कर दिया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करें। सभी मजिस्ट्रेटों को मेला अवधि के दौरान अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा की प्रभावी निगरानी की जा सके।
आदेश के अनुसार, सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, चिकित्सा शिविर, पार्किंग, घाटों की व्यवस्था, प्रकाश और कांवड़ मार्गों की सुचारू स्थिति का नियमित निरीक्षण करना होगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या की सूचना मिलने पर अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचेंगे और संबंधित विभागों से तालमेल बिठाकर उसका त्वरित समाधान करेंगे। सभी तैनात मजिस्ट्रेट मुख्य नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) के सतत संपर्क में रहेंगे और वहां से मिलने वाले निर्देशों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि कांवड़ियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
